जशपुरनगर। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की जनता से 36 झूठे वायदे करके,छल किया है। इसकी सजा,प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस को आने वाले विधानसभा चुनाव जनता सजा जरूर देगी। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य विष्णुदेव साय ने कही। वे जिला मुख्यालय जशपुर में आयोजित विधानसभा स्तरीय एक दिवसीय धरना में जुटे लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में चुनावी मोड में आ चुके भाजपा के नेताओं ने प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार के साथ स्थानीय विधायक विनय भगत पर तीखा आक्रमण किया। सभा को संबोधित करते हुए जिला पंचायत जशपुर की अध्यक्ष श्रीमती रायमुनि भगत ने कहा कि जशपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य पूरी तरह से ठप हो चुका है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। जशपुर विधानसभा की जनता पेंशन,राशनकार्ड जैसी छोटी छोटी समस्याओं के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहें हैं। लेकिन,विधायक विनय भगत को नाचने से फुर्सत नहीं है। उन्होनें कहा कि जशपुर विधानसभा में जमीन की गड़बड़ी के मामले लगातार सामने आ रहें हैं। इससे सबसे अधिक आदिवासी और पहाड़ी कोरवा प्रभावित हो रहें हैं। लेकिन,जशपुर विधायक ने इस पूरे मामले में चुप्पी साध रखी है। उन्होनें आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार की योजनाओं को अपनी उपलब्धि बता कर,प्रदेश सरकार और विधायक,झूठी वाहवाही लूट रहे हैं।

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि जशपुर विधानसभा,कांग्रेस के पांच साल के शासनकाल में 30 साल पीछे चला गया। विधायक विनय भगत,अपनी जिम्मेदारी निभाने की जगह,लोगों का मनोरंजन करके,मुद्दे से भटकाने की कोशिश कर रहें हैं। उन्होनें आरोप लगाया कि विधायक की शह पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने का गोरखधंधा तेजी से फलफूल रहा है।

जिलाध्यक्ष सुनिल गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के पांच साल के शासनकाल में उसका असली चेहरा सामने आ चुका है। झूठे वायदे करने वाली सरकार,अब अपने सामने खड़ी हुई हार को देख कर एक बार फिर बिदाई की बेला में झूठी घोषणाएं करके लोगों को बरगलाने को कोशिश कर रही है। लेकिन,जनता असलियत को जान चुकी है। अब वह बहकावे में नहीं आएगी।

भाजयुमो के जिलाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ के युवाओं के साथ जो छल किया है वह अक्षम्य है। बेरोजगारी भत्ता के नाम पर जो नियम और शर्तो का पहाड़ लादा गया है,वह बेरोजगारी से जूझ रहे युवा वर्ग के साथ क्रूर मजाक से कम नहीं है। इसकी भारी कीमत कांग्रेस को चुकानी होगी।
धरना प्रदर्शन के दौरान,भाजपाईयों ने विधानसभा चुनाव 2018 के लिए कांग्रेस द्वारा जारी किये गए जनघोषणा पत्र की प्रतियां जला कर अपना कड़ा विरोध जताया। भाजपाईयों ने कहा कि कांग्रेस ने झूठ का पुलंदा जारी कर,मतदाताओं को भ्रमित किया और सत्ता हथियाया है।
धरना को विधानसभा प्रभारी रमन अग्रवाल, डीडीसी लालदेव भगत, गोविंद भगत, शारदा प्रधान, विजय आदित्य सिंह जूदेव, राजकपूर भगत, देवधन नायक, कृपा शंकर भगत, दीपक गुप्ता, ने भी सम्बोधित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here